ओडिशा के रंग में डूबेगा यूपी का नोएडा, प्रथम रज पर्व उत्सव के लिए तैयारियाँ जोरों पर

जनता जनार्दन संवाददाता , May 31, 2025, 15:58 pm IST
Keywords: Hectic Preparations   on for First Raja Parba    Utsav in Noida   ओडिशा  
फ़ॉन्ट साइज :
ओडिशा के रंग में डूबेगा यूपी का नोएडा, प्रथम रज पर्व उत्सव के लिए तैयारियाँ जोरों पर
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश का नोएडा जल्द ही ओडिशा के रंग में रंगा नजर आएगा। पहली बार नोएडा में ओडिशा के सबसे बड़े और विशिष्ट उत्सव  'रज पर्व' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। १४ और १५ जून को नोएडा स्टेडियम के रामलीला ग्राउंड में यह दो दिवसीय महोत्सव आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां इन दिनों पूरे जोर-शोर से जारी हैं। आयोजन का उद्देश्य न सिर्फ ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देना है, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बसे ओडिया समुदाय और भारत के अन्य हिस्सों से आए लोगों को उनकी जड़ों से दोबारा जोड़ना भी है।
 
इस ऐतिहासिक पहल की परिकल्पना सामुदायिक विकास समिति (एवीएस) के संस्थापक अध्यक्ष, प्रख्यात चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं समाजसेवी डॉ. मनोरंजन मोहंती ने की है। डॉ. मोहंती का कहना है कि, “रज पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मातृभूमि, मातृभाषा और स्त्रीत्व के प्रति एक आदरांजलि है। यह पर्व धरती की उर्वरता और नारीशक्ति की गरिमा का उत्सव है।” पारंपरिक रूप से यह उत्सव ओडिशा में वर्षा ऋतु के आगमन पर मनाया जाता है, जब धरती खेती के लिए तैयार होती है और स्त्री के सम्मान का प्रतीक बन जाती है। नोएडा में यह पर्व पहली बार इतने भव्य स्तर पर आयोजित होने जा रहा है, जिसमें करीब २०,००० से अधिक ओडिया समुदाय के लोग और ओडिशा प्रेमी शामिल होने की उम्मीद है।
 
दो दिवसीय इस महोत्सव में ओडिशा की कला, संगीत, नृत्य, भोजन और हस्तशिल्प का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा। पूरे कार्यक्रम को एक सांस्कृतिक समारोह की रूपरेखा देने का भरपूर प्रयास किया गया है जिसमें ओडिया संस्कृति की आत्मा को आधुनिक प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया जाएगा। ओडिशा और एनसीआर के ख्यातिप्राप्त कलाकार जैसे कि कॉमेडी किंग पप्पू पम पम, गायक कलाकार अनिंदिता दास, देवेश पति, पप्पू पंडा, ज्योति और ओलिवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता–निर्देशक अश्रुमोचन मोहंती अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके साथ ही पारंपरिक नृत्य शैलियाँ जैसे ओडिसी, संबलपुरी, मणिपुरी, गोटिपुआ, झूमर, आदिवासी और आधुनिक नृत्य की प्रस्तुतियाँ होंगी जो युवा पीढ़ी को विशेष रूप से आकर्षित करेंगी।
 
उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा ओडिशा का खास 'फूड फेस्टिवल', जिसमें राज्य की विविधता और पारंपरिक स्वाद और खाद्य व्यंजनों का संगम देखने को मिलेगा। इस फूड फेस्टिवल में शामिल होंगे कटक का प्रसिद्ध दही बड़ा आलू दम, बारीपदा का मुढ़ी-मटन, सालेपुर का रसगुल्ला, माछ-भात, टंक तोरानी, कोरापुट का पारंपरिक नमकीन और स्वादिष्ट पीठा जैसे अरिसा, मण्डा, काकरा, पोड़ पीठा व छेना पोड़। साथ ही, जाजपुर का स्पेशल पान भी मेहमानों को मिलेगा जो ओडिशा की मिठास का प्रतीक है।
 
इस आयोजन को एक समग्र पारिवारिक उत्सव बनाने के लिए बच्चों के लिए खेल, महिला सशक्तिकरण गतिविधियाँ, मेंहदी व चित्रकला प्रतियोगिताएँ, और पारंपरिक लोक कला कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। वहीं दूसरी ओर, हथकरघा और हस्तशिल्प  स्टॉल्स, फ़ोटोग्राफ़ी क्षेत्र और ओडिया जातीय परिधानों की प्रदर्शनी भी होगी जो दर्शकों को ओडिशा की रंग-बिरंगी संस्कृति से जोड़ेंगी।
 
मीडिया से बातचीत में डॉ. मनोरंजन मोहंती ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सोलह लाख ओडिया समुदाय और सभी ओडिशा प्रेमियों से अपील की कि वे इस सांस्कृतिक पुनर्जागरण का हिस्सा बनें और ओडिशा की आत्मा को दिल्ली–एनसीआर में जीवंत करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह महासमारोह पूरी तरह निःशुल्क है और इसमें शामिल होने के लिए किसी प्रकार के पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।
 
'रज पर्व' उत्सव २०२५ सिर्फ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक गहन भावनात्मक अनुभव है जो यह संदेश देता है कि चाहे हम कहीं भी रहें, अपनी मिट्टी की सुगंध और अपने सांस्कृतिक मूल्यों से कभी दूर नहीं हो सकते। यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता में एकता का अद्भुत उदाहरण है, जो हमें यह एहसास दिलाता है कि हमारी विरासत ही हमारी असली पहचान है।
अन्य मनोरंजन लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल
सप्ताह की सबसे चर्चित खबर / लेख