दिल्‍ली में सरकार बनाएगी आम आदमी पार्टी, रामलीला मैदान में शपथ लेंगे केजरीवाल

दिल्‍ली में सरकार बनाएगी आम आदमी पार्टी, रामलीला मैदान में शपथ लेंगे केजरीवाल नई दिल्‍ली: आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्‍ली में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। जानकारी के अनुसार, आप नेता केजरीवाल ने दिल्ली में सरकार बनाने के मुद्दे पर आज उप राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि राष्‍ट्रपति की इजाजत के बाद केजरीवाल शपथ लेंगे और उनके शपथ ग्रहण का समारोह स्‍थल रामलीला मैदान होगा।

इस मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रपति से दिशा-निर्देशों के बाद शपथ ग्रहण समारोह तारीख की घोषणा होगी। रामलीला मैदान ही होगा आयोजन स्थल। मैंने उप राज्यपाल से कहा है कि आप सरकार बनाने के लिए तैयार है। उपराज्यपाल ने मुझसे कहा कि वह प्रस्ताव राष्ट्रपति के पास भेजेंगे और और उनसे दिशा-निर्देश लेंगे। केजरीवाल ने यह भी कहा कि सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे।

गौर हो कि दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद दो सप्ताह से चले आ रहे गतिरोध और अनिश्चितता को समाप्त करते हुए अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जन्मी आम आदमी पार्टी ने आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सरकार बनाने का फैसला किया है और आप के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनेंगे। केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी उप राज्यपाल नजीब जंग को सरकार बनाने की चिट्ठी सौंपी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया ने सोमवार को बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री होंगे। सिसौदिया ने जोर देकर कहा कि केजरीवाल मुख्यमंत्री बनेंगे। केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी ने दिल्ली विधानसभा की 70 में से 28 सीटें अपने नाम की हैं। सिसौदिया ने कहा कि हमने उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा और इसके सभी 28 विधायक केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में हैं। आप के सरकार बनाने की घोषणा के बाद सिसौदिया ने केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने की बात कही।

आप ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से बाहर से समर्थन हासिल करने का फैसला किया है जिसे उसने चार दिसंबर के विधानसभा चुनाव में आठ सीटों पर समेट दिया था। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की एक बैठक में आप ने सरकार बनाने का फैसला किया। बैठक में इस मुद्दे को लेकर पिछले कुछ दिनों में कराए गए जनमत संग्रह के नतीजों का विश्लेषण करने के बाद यह फैसला लिया।

राजनीतिक मामलों की समिति की दो घंटे तक चली बैठक के बाद, केजरीवाल ने कहा कि आप ने सरकार बनाने की अपनी इच्छा से अवगत कराने के लिए उप राज्यपाल नजीब जंग को एक चिट्ठी सौंपने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उप राज्यपाल ने 14 दिसंबर को सरकार गठन पर विचार विमर्श करने के लिए हमें बुलाया था। हमने फैसला करने के लिए समय मांगा था क्योंकि हमारी पार्टी आम आदमी की पार्टी है और हम उनके विचार लेना चाहते थे। केजरीवाल ने यहां कौशाम्बी में संवाददाताओं को बताया कि हमें वेबसाइट, फोन काल्स, एसएमएस और जनसभाओं के माध्यम से जनता का जवाब मिला और उनमें से अधिकतर ने आप द्वारा सरकार बनाए जाने का समर्थन किया। अब हम उप राज्यपाल को एक चिट्ठी सौंपने जा रहे हैं कि आप सरकार बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने दिल्ली भर में 280 सभाएं की और ऐसी 257 सभाओं में उपस्थित लोगों ने पार्टी द्वारा सरकार बनाने का पक्ष लिया जबकि बाकी की राय थी कि इन्हें सत्ता हासिल नहीं करनी चाहिए।

गौरतलब है कि दिल्ली में आठ दिसंबर को चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद से सरकार बनाने के मुद्दे पर गतिरोध बना हुआ था। आप के पास 28 सीटें हैं और आठ सीटें हासिल करने वाली कांग्रेस आप को बाहर से समर्थन देने पर राजी हो गई है। 31 सीटें हासिल कर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
अन्य दिल्ली, मेरा दिल लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल