Tuesday, 10 February 2026  |   जनता जनार्दन को बुकमार्क बनाएं
आपका स्वागत [लॉग इन ] / [पंजीकरण]   
 

चेहरे की चमक बढ़ाने से लेकर इंफेक्शन तक, नीम देता है नेचुरल इलाज

जनता जनार्दन संवाददाता , Feb 09, 2026, 10:14 am IST
Keywords: neem   Neem Pimple   Healthg  
फ़ॉन्ट साइज :
चेहरे की चमक बढ़ाने से लेकर इंफेक्शन तक, नीम देता है नेचुरल इलाज

नीम के पेड़ का इस्तेमाल पुराने समय से दवा के रूप में होता आ रहा है. इसकी पत्तियां, फूल, फल, जड़ और छाल सूजन, इंफेक्शन, बुखार, त्वचा रोग और दांतों की परेशानी में काम आते हैं. नीम की पत्तियां स्वाद में कड़वी जरूर होती हैं, लेकिन ये शरीर और त्वचा दोनों के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं. ब्लड शुगर कंट्रोल करने में भी नीम का सेवन किया जाता है.

आजकल नीम के गुणों की वजह से इसे कई स्किन केयर प्रोडक्ट्स और दवाओं में इस्तेमाल किया जा रहा है. यह मुंहासे, दाग-धब्बे और स्किन इंफेक्शन जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करता है.

नीम में मौजूद औषधीय गुण

मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, नीम की पत्तियों में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो शरीर की इम्युनिटी को मजबूत बनाते हैं. इसमें सूजन कम करने वाले, बैक्टीरिया और फंगस से लड़ने वाले, वायरस से बचाव करने वाले और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं. यही वजह है कि नीम को स्किन के लिए काफी अच्छा माना जाता है.

नीम का फेस पैक बनाए, पाएं साफ और चमकदार त्वचा

अगर आप चेहरे पर ग्लो चाहते हैं और पिंपल्स से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो नीम की पत्तियों का फेस पैक ट्राय कर सकते हैं. नीम की पत्तियों को पीसकर उसमें थोड़ी मुल्तानी मिट्टी, एक चुटकी हल्दी, थोड़ा चंदन पाउडर, गुलाब जल और थोड़ा एलोवेरा मिला लें. इस पैक को हफ्ते में दो बार चेहरे पर लगाएं. 20–25 मिनट बाद चेहरा धोकर मॉइश्चराइजर लगाएं. कुछ ही दिनों में स्किन साफ और फ्रेश नजर आने लगती है.

स्कैल्प को रखे हेल्दी, डैंड्रफ से दिलाए राहत

अगर सिर की त्वचा ठीक नहीं रहती, तो बालों की समस्या बढ़ जाती है. नीम का तेल या नीम की पत्तियों का रस स्कैल्प को साफ रखने में मदद करता है. इससे डैंड्रफ कम होती है और इंफेक्शन से भी बचाव होता है. नीम का इस्तेमाल जूं की समस्या में भी फायदेमंद माना जाता है.

नीम की छाल से पिंपल और रैशेज में आराम

नीम की छाल को दूध या गुलाबजल के साथ घिसकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को पिंपल्स, दाग-धब्बों या स्किन पर हुए रैशेज पर लगाएं. इससे खुजली, जलन और इंफेक्शन में राहत मिलती है. जिन लोगों को बार-बार स्किन पर छोटे दाने या रैशेज हो जाते हैं, उनके लिए यह घरेलू उपाय मददगार हो सकता है.

नीम के पानी से नहाने के फायदे

नीम की मुट्ठीभर पत्तियों को पानी में उबाल लें. जब पानी हल्का गुनगुना रह जाए, तो उससे नहा लें. इससे पूरे शरीर की त्वचा साफ रहती है और खुजली, दाद-खाज जैसी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है. यह तरीका स्किन को हेल्दी रखने में मदद करता है.

अंदर से त्वचा साफ करने में मदद करता है नीम

अगर बार-बार पिंपल निकलते हैं या चेहरे पर दाग-धब्बे बने रहते हैं, तो कुछ लोग सुबह खाली पेट 3-4 नीम की पत्तियां चबाते हैं. माना जाता है कि इससे खून साफ होता है और त्वचा अंदर से हेल्दी बनती है. हालांकि, अगर आपको डायबिटीज है या कोई दूसरी बीमारी है, तो नीम का सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल