इलाहाबाद विवि छात्रसंघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा का जलवा

जनता जनार्दन डेस्क , Oct 15, 2017, 8:56 am IST
Keywords: Allahabad   Allahabad Univerciti   Student Union Election   Allahabad Union   Student   विवि छात्रसंघ इलाहाबाद  
फ़ॉन्ट साइज :
इलाहाबाद विवि छात्रसंघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा का जलवा

इलाहाबाद: यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव के परिणाम शनिवार देर रात तक घोषित कर दिए गए। जहां समाजवादी छात्रसभा के अवनीश कुमार यादव ने अध्यक्ष पर पर जीत हास‍िल की। वहीं उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर भी समाजवादी छात्रसभा का दबदबा रहा। एबीवीपी को स‍िर्फ महामंत्री पद पर ही जीत मिली।

उपाध्यक्ष पद पर चंदशेखर चौधरी, संयुक्त सचिव पद पर भरत सिंह, सांस्कृतिक सचिव पद पर अवधेश कुमार पटेल ने जीत दर्ज की है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के निर्भय कुमार द्विवेदी ने महामंत्री पद पर जीत दर्ज की है। जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों को 15 अक्टूबर को शपथ दिलाई जाएगी।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव में समाजवादी पार्टी की छात्र इकाई समाजवादी छात्रसभा ने 5 में से चार पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर अवनीश यादव ने मृत्युंजय परमार को हरा कर जीत दर्ज की। मृत्युंजय किसी राजनीतिक दल के छात्र संगठन से नहीं जुड़े हुए हैं। अध्यक्ष पद की एवीबीपी की प्रत्याशी प्रियंका तीसरे स्थान पर रहीं।

 

इसी तरह उपाध्यक्ष पद के चुनाव में एवीबीपी के चितवंत कुमार तिवारी दूसरे स्थान पर रहे। महामंत्री निर्वाचित हुए एवीबीपी के द्विवेदी ने निकटतम प्रत्याशी एनएसयूआई के अर्पित सिंह को हराया।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध चार महाविद्यालयों चौधरी महादेव प्रसाद (सीएमपी), इलाहाबाद डिग्री कॉलेज (एडीसी), ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज व यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए आगजनी, बमबाजी, झड़प, विरोध के बीच सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। देर शाम सीएमपी और एडीसी और ईसीसी में परिणाम घोषित कर दिए गए।

इसके पहले सीएमपी कैंपस में पुलिस व छात्रों के बीच झड़प हुई व बाहर छात्रगुटों के बीच बमबाजी हुई, जिसमें एक कैमरामैन घायल हुआ है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं व आरएएफ के बीच बैनर फाडऩे को लेकर झड़प हुई, जिसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में मतगणना में धांधली का अरोप लगाकर समर्थकों ने पथराव किया। पीएसी और आरएफ ने स्थिति संभाली।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में लगभग 45.5 फीसद मतदान हुआ। यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज में सर्वाधिक रिकॉर्ड 98 फीसद वोटिंग हुई। यहां निर्वाचक मंडल के 191 प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए मतदान किया। सीएमपी में लगभग 37 फीसद वोटिंग हुई। ईसीसी में आकाश अध्यक्ष, शिवांकर उपाध्यक्ष व उत्कर्ष मंत्री चुने गए हैं। 
इसी तरह इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में विवेक तिवारी अध्यक्ष, पंकज दुबे महामंत्री व आशुतोष गुप्ता उपाध्यक्ष चुने गए। सीएमपी डिग्री कालेज में अध्यक्ष पद पर रिषभ सिंह यादव विजयी घोषित किए गए। सुमित कुमार गौतम, उपाध्यक्ष, शिवम महामंत्री चुने गए। 


ईश्वर शरण में दोबारा मतगणना की मांग के चलते हंगामे के बीच छात्रों ने पथराव किया। पीएएसी और आरएफ ने पहुंचकर स्थिति संभाली। अध्यक्ष पद के लिए छात्रों का एक गुट पुनर्मतगणना की मांग पर अड़ा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में रात 11 बजे तक परिणाम आने की संभावना है। 

अन्य शिक्षा लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल