'धक धक गर्ल' भी मोम में ढलेंगी

'धक धक गर्ल' भी मोम में ढलेंगी

मुंबई: सिने जगत में ' धक धक गर्ल ' के नाम से मशहूर माधुरी दीक्षित भी अब अमिताभ बच्चन , शाहरुख खान , हृतिक रोशन , सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की कतार में शामिल हो गई हैं।

जी हां , अब माधुरी भी मोम की मूर्ति के रूप में ढल कर मैडम तुसाद म्यूजियम की शोभा बढ़ाएंगी।

लंदन स्थित इस विश्व प्रसिद्ध म्यूजियम ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा है कि कई पुरस्कारों से सम्मानित अभिनेत्री माधुरी दीक्षित लंदन स्थित उनके म्यूजियम में बॉलिवुड की ' ए ' लिस्ट में शामिल नवीनतम भारतीय फिल्म स्टार हो गई हैं।

इस खबर से माधुरी के प्रशंसक बेहद खुश हैं और खुद माधुरी भी।

उन्होंने माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर इसकी पुष्टि करते हुए लिखा है , ' मैडम तुसाद ने घोषणा की है और मैं इसकी पुष्टि कर रही हूं।

मैं इस बात से बहुत रोमांचित हूं कि मैं मैडम तुसाद म्यूजियम में शामिल होने जा रही हूं।

यह वास्तव में एक बड़ी उपलब्धि है। मेरे लिए बॉलिवुड की नामचीन हस्तियों के बगल में खड़ा होना अद्भुत है।

मैं अपनी प्रतिमा का अनावरण करने के लिए मार्च में लंदन जाऊंगी। सहयोग के लिए बहुत - बहुत धन्यवाद। '

माधुरी अपनी मोम की मूर्ति के निर्माण और इसे पूर्णतया वास्तविक रूप देने में विशेषज्ञों को पूरा सहयोग देंगी।

इतना ही नहीं , अपनी मूर्ति को पहनाने के लिए वह अपनी एक साड़ी भी देंगी।

मैडम तुसाद म्यूजियम को उम्मीद है कि अपने जबर्दस्त नृत्य कौशल से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली माधुरी दीक्षित की मोम की प्रतिमा लगने से म्यूजियम में बॉलिवुड की उपस्थिति में और इजाफा होगा।

वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल