मुस्लिम कलाकार बनाते हैं हिंदुओं के विवाह मंडप

मुस्लिम कलाकार बनाते हैं हिंदुओं के विवाह मंडप जयपुरः मुस्लिम समुदाय के कारीगर सदियों से कर्बला की जंग की याद में निकाले जाने वाले शोक जुलूस में शामिल होने वाले ताजिए के लिए कलात्मकता का इस्तेमाल करते रहे हैं। उसी कलात्मकता का उपयोग वे अब हिंदुओं का विवाह मंडप बनाने में कर रहे हैं। विवाह मंडप को वे कर्बला के मकबरे का शक्ल दे रहे हैं। ये कारीगर अधिकांश शिया मुसलमान हैं।

कारीगर मोहम्मद बिलाल अजीमुद्दीन ने बताया कि हाल ही में उन्होंने मुंबई के होटल ग्रैंड हयात में हिंदू विवाह का एक मंडल बनाया है। उन्होंने कहा, 'ग्राहक हमसे कुछ उत्कृष्ट डिजाइन की अपेक्षा रखते हैं।' उन्होंने कहा कि कला के इस क्षेत्र में जाति या वर्ग कोई मायने नहीं नहीं रखता है। उन्होंने कहा, 'हमारी डिजाइन का इस्तेमाल हिंदुओं के विवाह समारोह और बच्चों के जन्मदिन की पार्टियों में भी होता है। ग्राहक सजी हुई मीनार को पसंद करते हैं। मीनार की आकृति ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है और इसका चलन पूरे देश में देखा जा रहा है।' उन्होंने बताया कि कला के कई कद्रदानों ने अपने घरों, दफ्तरों में थीम पार्टी और कॉरपोरेट कार्यक्रमों में सजावट के लिए ताजिया से प्रेरित मीनार और बत्तियों का इस्तेमाल किया है।

अपने समुदाय में अजीमुद्दीन भाई के नाम से चर्चित बिलाल ने यह शिल्प कला अपने पिता से सीखी है। उन्होंने अपनी इस शिल्प कला को व्यावसायिक परियोजना का रूप दे दिया है, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति बेहतर हो गई है। इस ताजिया समुदाय की किस्मत तब बदली, जब देश की एक अग्रणी डिजाइनर गीतांजलि कासवालीवाल ने पहली बार जयपुर में ताजिया जुलूस देखा और उन्होंने इस शिल्प को प्रसारित करने का फैसला किया। गीतांजलि की स्वामित्व वाली संस्था ‘अनंत्या’ अत्याधुनिक डिजाइन के फर्नीचर, कपड़े व अन्य वस्तुएं बनाने के लिए दुनियाभर में चर्चित है और इसे यूनेस्को पुरस्कार भी मिल चुका है। अनंत्या सदियों पुराने स्थानीय शिल्प के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वह सड़कों पर ताजिया देखकर आकर्षित हुईं। इसके तुरंत बाद उनके पति की कंपनी एकेएफडी स्टूडियो को जब जयपुर विरासत हेरिटेज फेस्टिवल-2007 के दौरान पूरे शहर में मार्कर बनाने का ऑर्डर मिला, तो उनके मन में शहर के लिए ताजिया-प्रेरित डिजाइन का उपयोग करने का विचार आया।

गीतांजलि ने कहा, 'हम इस कार्यक्रम के लिए मूर्ति जैसी कुछ कलाकृतियां पेश करना चाहते थे, जिससे मेहमान सांस्कृतिक शिल्प के बेहतरीन नमूने देखकर उनका आनंद उठा सकें। ताजिया कारीगरों को यह काम सौंपा गया, क्योंकि वे इस शिल्प के उस्ताद थे और प्रॉजेक्ट के प्रमुख अजीमुद्दीन भाई थे। नौ बच्चों को साथ लेकर वे इस कार्य को पूरा करना चाहते थे। उन्होंने इस कार्य में अपनी बेहतरीन डिजाइन और हुनर पेश किया, जिससे उनको नाम और शोहरत के साथ-साथ धन भी मिला।' इसके बाद गीतांजलि ने अपनी बेटियों की जन्मदिन पार्टियों प्लास्टिक के गुब्बारे सजाने के बजाय, ताजिया प्रेरित सजावट की। ताजिया कारीगरों ने अपने हाथों से पार्टी स्थल को सजाया। गीतांजलि ने इस शिल्प कला को आगे प्रसारित करने का फैसला किया और कारीगरों को वर्ष 2009 में नई दिल्ली में अपनी बहन की शादी में विवाह मंडप सजाने का काम सौंपा।

गीतांजलि ने कहा, 'उन्होंने इस काम को पूरे तन मन से किया, जिससे उन्हें अद्भुत प्रतिक्रिया मिली। हर कोई इन डिजाइनों की बात कर रहा था, जिसके बाद उनकी कला को पंख लग गए और उसका इतना प्रसार हुआ कि अब वह बुलंदियों पर है।' उन्होंने कहा,'मुस्लिम कारीगरों द्वारा विवाह का मंडप सजाए जाने से हमारे परिवार में किसी ने कोई आपत्ति नहीं दर्ज की। सबने सजावट में उनकी निष्ठा और लगन की तारीफ की।' इस कहानी का एक और सकारात्मक पहलू यह है कि ताजिया कारीगर जो कलाकृति बनाते हैं, उसमें कागज और बांस का इस्तेमाल होता है, जो पारिस्थितिकी संतुलन का महत्वपूर्ण संदेश देता है। बिलाल ने बताया कि मंडप या पार्टी स्थल के आकार के अनुसार उनका पारिश्रमिक तय होता है, जो कि इस बात पर निर्भर करता है कि उसमें कितना काम करना होगा और उसके लिए कितने लोगों की जरूरत होगी।

बिलाल ने कहा, 'हमारे काम को देखकर ही हमें राजस्थान हेरिटेज वीक फेस्टिवल में सजावट का काम मिला। भारत में 2009 में जब आर्ट इंस्टीट्यूट ऑफ शिकागो के प्रतिनिधिमंडल आए थे, तो हमने डिजाइन किया था। हमने बांस से स्टेज बनाया था, जिसकी काफी तारीफ की गई थी।' बिलाल ने कहा, 'हम यही चाहते हैं कि सभी जातियों और समुदायों के लोग हमारे काम की तारीफ करें और दूसरों को भी इसके बारे में बताएं। इसके सिवा एक कमाने-खाने वाले कारीगर को और क्या चाहिए?'
अन्य समाज लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल