राजनाथ सिंह को भरोसा, 2022 तक नक्‍सलवाद और कश्‍मीर मामले का हल निकलेगा

राजनाथ सिंह को भरोसा, 2022 तक नक्‍सलवाद और कश्‍मीर मामले का हल निकलेगा लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को भरोसा जताया कि वर्ष 2022 तक आतंकवाद, नक्सलवाद और वामपंथी उग्रवाद का खात्मा हो जाएगा. गृह मंत्री ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि वर्ष 2022 तक कश्मीर मुद्दे के साथ-साथ आतंकवाद, नक्सलवाद और वामपंथी उग्रवाद का समाधान निकाल लिया जाएगा. उन्होंने 'संकल्प से सिद्धि-न्यू इंडिया मूवमेंट : 2017-2022 नए भारत का निर्माण' कार्यक्रम के मौके पर सभी को भारत को स्वच्छ, गरीबी मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, आतंकवाद मुक्त, सम्प्रदायकिता मुक्त और जातिवाद मुक्त बनाने की शपथ दिलाई.

गृह मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता के महत्व को पहचानकर इसे एक अभियान का रूप दिया था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे एक जन आंदोलन बनाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने की राजनीति नहीं करती, बल्कि राष्ट्र निर्माण और विकास की सियासत करती है.

गृह मंत्री ने कहा, 'अगर लोग 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन की शपथ लेकर 1947 में आजाद हो सकते हैं, तो आजादी मिलने के 70 साल बाद भी देश आत्मनिर्भर क्यों नहीं बन पाया है. मैं प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देना चाहूंगा, जिन्होंने 2022 में आजादी की 75वीं वर्षगांठ से पहले 'न्यू इंडिया' को साकार करने का वादा किया है.
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल