Thursday, 25 April 2024  |   जनता जनार्दन को बुकमार्क बनाएं
आपका स्वागत [लॉग इन ] / [पंजीकरण]   
 

एक बार मिस्र पहुंच कर तो देखिये

जनता जनार्दन संवाददाता , Jul 28, 2011, 11:53 am IST
Keywords: Egypt   Egyptian tourism   Cairo   Qatar Airways   Emirates   Let's visit Egypt - Egypt is safe   पिरामिड   मिस्र   पर्यटन   पर्यटन उद्योग   पर्यटन कार्यालय   आकर्षक अवकाश पैकेज   
फ़ॉन्ट साइज :
एक बार मिस्र पहुंच कर तो देखिये नई दिल्ली: पिरामिड के लिए मशहूर मिस्र बड़े पैमाने पर दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करता रहा है। पर्यटन यहां का मुख्य उद्योग है, जिस पर 17 छोटे उद्योग आश्रित हैं। यह करीब 70 लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराता है। लेकिन इस साल जनवरी के आखिर में तहरीर चौक पर हुए तीव्र विरोध-प्रदर्शन ने न केवल होस्नी मुबारक को सत्ता से बेदखल कर दिया, बल्कि यहां के पर्यटन उद्योग को भी नुकसान पहुंचाया।

मिस्र करीब पांच महीने पहले तहरीर चौक पर हुए व्यवस्था परिवर्तन वाले प्रदर्शन से आगे निकलते हुए अब अपनी अर्थव्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करना चाहता है। पर्यटन उसकी अर्थव्यस्था का एक मजबूत आधार है और वह इसे मजबूती देना चाहता है। देशभर में हुए प्रदर्शन और उसके खिलाफ सरकार की कार्रवाई से उपजी अस्थिरता तथा असुरक्षा के कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट आई।

इसीलिए पर्यटकों को मिस्र के सुरक्षित होने का आश्वासन देते हुए पर्यटन कार्यालय उन्हें लुभाने की कोशिश में जुटा है। उसकी नजर एशिया, खासकर भारत पर है, जहां से उसे बड़ी संख्या में पर्यटकों के वहां पहुंचने की उम्मीद है।

मिस्र के पर्यटन कार्यालय के निदेशक अदेल अल मास्री ने कहा, "भारत और एशिया, खासकर दक्षिण एशिया हमारे भविष्य हैं, क्योंकि भारतीय अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है। यहां तक कि मिस्र के लोग भी अब पेरिस तथा ब्रिटेन जाने के बजाय भारत और एशिया को प्राथमिकता दे रहे हैं।"

मास्री के अनुसार, इस साल जनवरी से जुलाई तक मिस्र के पर्यटन उद्योग को करीब 20 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है। 45 से अधिक निर्माणाधीन होटलों का निर्माण कार्य रोक दिया गया। लेकिन इन सबसे उबरते हुए मिस्र एक बार फिर पर्यटकों को लुभाने की कोशिश में जुट गया है।

मास्री ने कहा, "वर्ष 2010 में 1.47 करोड़ पर्यटक मिस्र पहुंचे थे, जिनमें 1.14 लाख भारत से थे। हमारा परम्परागत बाजार हालांकि फ्रांस, ब्रिटेन और इटली है, लेकिन अब एशिया, खासकर भारत पर हमारा विशेष ध्यान है।"

उन्होंने कहा कि हम लोगों को बताने की कोशिश कर रहे हैं कि मिस्र सुरक्षित है। हम वहां मीडियाकर्मियों को ले जा रहे हैं, ताकि उनके जरिये लोगों को वहां के सामान्य हालात के बारे में बता सकें।

इसके अतिरिक्त हम दिल्ली, मुम्बई, बेंगलुरू तथा अहमदाबाद में रोड शो भी कर रहे हैं। हम कोलकाता और जयपुर भी जाना चाहते हैं। आकर्षक अवकाश पैकेज और विभिन्न विमान कम्पनियों के साथ समझौते भी हमारी रणनीति में शामिल हैं।
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल