100 मिनट में दिल्ली से आगरा 'गतिमान' एक्सप्रेस

100 मिनट में दिल्ली से आगरा 'गतिमान' एक्सप्रेस नई दिल्‍ली/मथुरा: दिल्ली से आगरा जाने वाली भारत की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के यात्रियों को न केवल उनकी सीटों पर ट्रेन होस्टेस की सेवाएं और गुलाब के फूल दिये जाएंगे बल्कि उन्हें फिल्मों, समाचार और कार्टून जैसी मल्टीमीडिया सामग्री की भी नि:शुल्क सेवा मिलेगी।

निजामुद्दीन-आगरा गतिमान एक्सप्रेस को आज रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने निजामुद्दीन स्टेशन से हरी झंडी दिखाई और यह अपने पहले सफर पर निकल पड़ी।

ताज के शहर का दीदार करने जाने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने वाली यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी और 100 मिनट में 200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, हम पहली सेमी-हाईस्पीड ट्रेन में यात्रियों को सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। यात्रियों को जहां गुणवत्तापरक खानपान कई विकल्पों के साथ परोसा जाएगा, वहीं उन्हें उनकी सीटों पर ही मल्टीमीडिया मनोरंजन की मुफ्त सुविधा भी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ट्रेन के डिब्बों में हॉटस्पॉट उपकरण लगाये गये हैं जिससे यात्री अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप पर सीधे इन सुविधाओं का नि:शुल्क लाभ उठा सकते हैं।

अधिकारी ने कहा कि यात्रियों को ऐप डाउनलोड करना होगा और वे नि:शुल्क सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इस दौरान उन्हें सीमित अवधि के विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे।

अधिकारी के अनुसार यात्रियों के लिए मल्टीमीडिया मनोरंजन की सुविधा का लाभ रेलवे को भी मिलेगा और सेवा प्रदाता विज्ञापन दिखाने के लिए करीब 7.5 लाख रुपये देंगे।

गतिमान एक्सप्रेस का किराया शताब्दी एक्सप्रेस से 25 प्रतिशत अधिक होने से खानपान की सेवाएं भी बेहतर होंगी। इसमें यात्रियों को उपमा, मिनी दोसा, कांजीवरम इडली, ताजे कटे हुए फल, आलू कुलचा, स्विस रोल, भुने हुए सूखे मेवे और चिकन रोल दिये जाएंगे।

12050 निजामुद्दीन-आगरा-निजामुद्दीन गतिमान एक्सप्रेस दोनों ओर से सप्ताह में छह दिन चलेगी और केवल शुक्रवार को नहीं चलेगी। निजामुद्दीन से यह सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और 9:50 बजे आगरा पहुंचेगी। लौटते समय यह आगरा से शाम 5:50 बजे चलेगी और 7:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।

आईआरसीटीसी ने पर्यटन के लिहाज से ट्रेन के साथ बस सेवा, दर्शनीय स्थलों को दिखाने और भोजन की सुविधा के साथ पैकेज भी तय किया है।

ट्रेन में दो एक्जिक्यूटिव वातानुकूलित चेयर कार और आठ सामान्य एसी चेयर कार होंगी। इसका किराया 690 रुपये तय किया गया है। एक्जिक्यूटिव श्रेणी के लिए यह किराया 1365 रुपये होगा।
अन्य शहर लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल