जम्मू-कश्मीर में सीजफायर उल्लंघन पर भारत ने पाकिस्तान से जताया कड़ा विरोध

जम्मू-कश्मीर में सीजफायर उल्लंघन पर भारत ने पाकिस्तान से जताया कड़ा विरोध नई दिल्ली: भारत ने जम्मू के अखनूर सेक्टर में कल हुए संघषर्विराम उल्लंघन को लेकर पाकिस्तान के समक्ष विरोध दर्ज कराया है जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी। सरकारी सूत्रों के अनुसार भारत ने यहां और इस्लामाबाद दोनों जगहों पर विरोध दर्ज कराया है।

उन्होंने कहा, इस्लामाबाद में हमारे उच्चायुक्त ने पाकिस्तान विदेश कार्यालय में यह मामला उठाया है और दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायुक्त को संघषर्विराम उल्लंघन को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत कराया गया है। इस संघषर्विराम उल्लंघन में एक महिला की मौत हो गई और कुछ अन्य लोग घायल हो गए।

पाकिस्तानी रेंजर्स ने अखनूर सेक्टर में गोलीबारी करके और मोर्टार दागकर कल दो बार संघषर्विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने हल्के हथियारों से असैन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया तथा भलवाल भारथ, मालाबेला और सिदेरवान पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में पोली देवी नामक 42 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को जम्मू दौरे से एक दिन पहले आज यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारत एवं पाकिस्तान के बीच भारी गोलीबारी हो रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) एवं पाकिस्तान रेंजर्स के सैनिकों के बीच सुबह से ही भारी गोलीबारी जारी है।

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बसे गांवों के लोग काफी घबराए हुए हैं।  भारत एवं पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों द्वारा एक संयुक्त बयान में दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने के प्रयास का वचन दिए जाने के बाद से पाकिस्तान की तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगातार गोलीबारी की जा रही है।

इस बीच पाकिस्तान ने भी कल कहा कि उसने एक भारतीय जासूस ड्रोन को गोलीबारी करके मार गिराया। उसने आरोप लगाया कि नियंत्रण रेखा के पास हवाई फोटोग्राफी के लिए उस ड्रोन का उपयोग किया जा रहा था जबकि भारत ने इस दावे को खारिज कर दिया।
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल