करगिल में तापमान शून्य से 15.8 डिग्री नीचे

करगिल में तापमान शून्य से 15.8 डिग्री नीचे श्रीनगर: कश्मीर घाटी को कड़ाके की ठंड ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है जहां न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है जबकि लद्दाख क्षेत्र में पारा पांच डिग्री तक गिर गया है।

मौसम विभाग अधिकारी ने बताया, ताजे पश्चिमी विक्षोभ का जम्मू-कश्मीर में 20 जनवरी से आगे अपना असर दिखाने की संभावना है। अधिकारी ने बताया कि घाटी में मौसम शुष्क बना रहेगा।

जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर हुआ जबकि पिछली रात को यह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस था।

काजीगुंड में कल न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। काजीगुंड को कश्मीर घाटी का प्रवेशद्वार कहा जाता है।

अधिकारी ने बताया कि सालाना अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर की भूमिका निभाने वाले पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर हुआ जबकि पिछली रात को यह शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस था।

प्रवक्ता ने बताया कि घाटी में स्कीइंग के लिए मशहूर गुलमर्ग में कल न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस था।

रात में कुपवाड़ा और कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे क्रमश: 4.7 डिग्री और 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रवक्ता ने बताया कि लेह में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह 11 डिग्री सेल्सियस रहा था। कारगिल राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।

कश्मीर में इन दिनों ‘चिल्लई कलां’ के दिन चल रहे हैं। यह सर्दियों के सबसे कठिन 40 दिन माने जाते है जिसकी शुरुआत 21 दिसंबर से हुई है और इसके 31 जनवरी को खत्म होने की संभावना है।
अन्य प्रकृति लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल