मेरे दिल में हमेशा देश का गरीब रहता है: पीएम नरेंद्र मोदी

मेरे दिल में हमेशा देश का गरीब रहता है: पीएम नरेंद्र मोदी रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झारखंड के डालटनगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ये धरती बिरसा मुंडा की धरती है और मैं इस तपस्वी की धरती को नमन करता हूं। मोदी ने बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर और राजा मेदिनी राय का स्मरण और उनका नमन करने के साथ ही पलामू और पूरे झारखंड के लोगों को लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।

पीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मेरी यह पहली सभा है। उन्होंने कहा कि वह जहां भी जाते हैं, देश के गांव, गरीब, किसान हमेशा उनके साथ होते हैं। मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने वैज्ञानिकों से मुलाकात कर कृषि उत्पादन बढ़ाने के बारे में शोध की बाबत पूछा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए परिवारवाद को दूर करना होगा। डालटनगंज के चियांकी हवाई अड्डा मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती अमीर है, लेकिन यहां के लोग गरीब हैं। लोगों की गरीबी का कारण परिवारवाद और उनका भ्रष्टाचार है। मोदी ने कहा कि मैं झारखंड की सेवा करना चाहता हूं।

मैं झारखंड के गरीबों, आदिवासियों और युवाओं की सेवा करना चाहता हूं। इसका एक मौका मुझे दें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी का अहंकार नहीं चलता। लोकतंत्र में जनता ही सब कुछ होती है। वह देती है तो छप्पर फाड़ कर और लेती है तो सब कुछ लूट लेती है। इसलिए सत्ता के नशे में डूबे लोगों को सचेत हो जाना चाहिए।

मोदी ने कहा कि झारखंड के लोगों ने लोकसभा चुनाव में उन्हें अभूतपूर्व समर्थन दिया। इसके लिए वह लोगों को धन्यवाद देने आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत का गरीब, किसान हमेशा उनके दिल में रहता है। इसलिए वह विदेशों में भी भारत के किसानों की हालत सुधारने के बारे में ही बात करते हैं।

मोदी ने कहा कि झारखंड के मंत्री अपनी पोल खुलने से डरते हैं। इसलिए वे केंद्र के मंत्रियों के झारखंड दौरे का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी का अहंकार नहीं चलता। यहां केवल जनता की मर्जी चलती है।

नरेंद्र मोदी आज करीब 12.25 बजे डालटनगंज के चियांकी हवाई अड्डे पर उतरे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास के साथ वह सभा स्थल के मुख्य मंच पर पहुंचे, जहां रैली शुरू हो चुकी है। पीएम डालटनगंज के बाद लातेहार के चंदवा जाएंगे। वहां भी वह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। उधर प्रशासन द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पलामू के विश्रामपुर पहुंच गए हैं। वहां उनकी चुनावी सभा होनी है। बताते चलें कि पीएम के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने दूसरे दलों के सभी कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड चुनाव में प्रचार के लिए आज सुबह 11.04 पर रांची पहुंचे। वे आज पहली सभा डालटनगंज में और दूसरी सभा डेढ़ घंटे बाद लातेहार के चंदवा में करेंगे। वे 11.27 पर एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से रांची से डालटनगंज के लिए रवाना हो गए।

मोदी की सभा को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्रियों शिबू सोरेन और बाबूलाल मरांडी सहित राज बब्बर की सभाएं रद्द कर दी गयी थीं। बावजूद इसके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी दूसरे टर्मिनल से उड़ान भरने के लिए हवाई अड्डा पहुंचे। बताया गया कि उनका हेलीकॉप्टर भी 11.50 पर सभा स्थल के लिए उड़ गया।

मोदी की दूसरी रैली 25 नवंबर को झारखंड में होगी। इसी तरह जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 22 को और उधमपुर में 28 को रैली होगी। इसके अलावा श्रीनगर, जम्मू और पुंछ में भी मोदी की रैली प्रस्तावित है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में मोदी की रैलियों का आंकड़ा पांच से छह के बीच हो सकता है, लेकिन झारखंड में उनकी रैलियां सात से आठ हो सकती हैं।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि मोदी मोदी की स्वीकार्यता न केवल भारत में है बल्कि विदेशों में भी है और उनका डंका देश और विदेश में बज रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी लोगों के दिलों मे बसते है।  सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री की दोनों चुनावी सभाओं के लिए तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं और इन दोनों सभाओं में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है।
अन्य चुनाव लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल