मीडिया पर दिए बयान से शिंदे का यू-टर्न, कहा-सोशल मीडिया को दी चेतावनी

मीडिया पर दिए बयान से शिंदे का यू-टर्न, कहा-सोशल मीडिया को दी चेतावनी नई दिल्ली/शोलापुर: इलेक्ट्रानिक मीडिया पर अपने दिए बयान पर मचे विवाद को ठंडा करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने मंगलवार को कहा कि उनके बयान `पत्रकारिता` को लेकर नहीं बल्कि `सोशल मीडिया` को लेकर था।

ज्ञात हो कि शिंदे ने रविवार को कथित रूप से इलेक्ट्रानिक मीडिया को `कुचलने` की धमकी दी थी। शिंदे ने मीडिया के एक खास वर्ग पर आरोप लगाया कि यह वर्ग कांग्रेस पार्टी के खिलाफ `दुष्प्रचार` और अनावश्यक रूप से पार्टी को उकसा रहा है।

इस बीच, मंगलवार सुबह शिंदे ने आरोप लगाया, `मैंने सोशल मीडिया के बारे में कहा था जो पत्रकारिता नहीं लोगों के बीच घृणा फैला रहा है।`

शिंदे ने नया विवाद खड़ा करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को कुचलने की धमकी देते हुए मीडिया के एक वर्ग पर आरोप लगाया कि यह कांग्रेस पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार करके उसे अनावश्यक रूप से भड़का रहा है। महाराष्ट्र के शोलापुर जिले से ताल्लुक रखने वाले शिंदे का यह बयान रविवार शाम यहां युवक कांग्रेस के एक आयोजन में सामने आया।

शोलापुर से लोकसभा सदस्य शिंदे ने आरोप लगाया कि पिछले चार महीने से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का एक धड़ा उनके तथा उनकी पार्टी के बारे में खबरों में छेड़छाड़ कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तत्काल इस तरह की खबरों को नहीं रोका गया तो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को कुचल दिया जाएगा।

शिंदे ने कहा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बड़े स्तर पर जो हो रहा है, मैं उससे वाकिफ हूं। पिछले चार महीने में मीडिया ने हमें (कांग्रेस को) भड़काने की कोशिश की। हम इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ऐसे तत्वों को कुचल देंगे जो दुष्प्रचार में लिप्त हैं और जो ऐसा करना बंद नहीं करते। उन्होंने कहा, मेरे अधीन खुफिया विभाग आता है।

मुझे पता है कि इस तरह की चीजें कौन कर रहा है। मुझे पता है कि क्या हो रहा है। इसके पीछे कुछ ताकतें हैं। शिंदे के बयान राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मीडिया द्वारा कराये गये ऐसे चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों की पृष्ठभूमि में आये हैं जिनमें आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की पतली हालत का पूर्वानुमान लगाया गया है।

गृह मंत्री ने मीडिया से सकारात्मक खबरों पर जोर देने को कहा। उन्होंने कहा कि देश की जनता उन लोगों को स्वीकार नहीं करेगी जो समाज में अव्यवस्था फैलाकर देश को बांटना चाहते हैं।

शिंदे का बयान ऐसे समय में आया है जब आज एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने नेताओं द्वारा मीडिया में अपने कवरेज से असंतुष्ट होकर लगाये जाने वाले अप्रामाणिक आरोपों पर विरोध दर्ज कराया है। गिल्ड का बयान आप नेता अरविंद केजरीवाल और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी के सिंह द्वारा मीडिया पर किये गये हमलों की पृष्ठभूमि में आया है।
अन्य राष्ट्रीय लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल