बिहार: बाढ़ से 160 की मौत, 54 लाख आबादी प्रभावित

बिहार: बाढ़ से 160 की मौत, 54 लाख आबादी प्रभावित पटना: बिहार में बाढ से अब तक 160 लोगों की मौत हो गयी है जबकि 54 लाख की आबादी प्रभावित हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी विपिन कुमार राय ने बताया कि 15 जून से अब तक बिहार में बाढ से 160 लोगों की मौत हो गई है, जिनके आश्रितों को अनुग्रह अनुदान की राशि उपलब्ध करा दी गयी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 20 जिलों की 54 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं और इन जिलों में से विशेषकर 12 जिलों पटना, भोजपुर, बक्सर, सारण, भागलपुर, कटिहार, वैशाली, बेगूसराय, खगडिया, समस्तीपुर, मुंगेर और लखीसराय जो कि गंगा नदी में आई बाढ़ से प्रभावित हैं, में लोगों को शरण देने के लिए कोसी आपदा के सदृश्य कुल 85 शिविरों लगाए गए हैं।

राय ने कहा कि राहत मापदंड के अनुसार बाढ पीडितों को प्रति परिवार एक-एक क्वींटल खाद्यान्न वितरित किए जा रहे हैं और इन 20 जिलों में अबतक दो लाख आठ हजार 796 क्वींटल खाद्यान्न का वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि बाढ पीडितों को नगद अनुदान के तौर पर प्रति परिवार डेढ़-डेढ़ हजार रुपये दिए जा रहे हैं और अबतक 24 करोड 32 लाख रूपये नगद अनुदान वितरित किये गए हैं।

विपिन कुमार राय ने बताया कि बाढ़ पीडि़त जो कि ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं, उनके बीच 58 हजार 550 पालीथिन शीट्स का वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि बाढ प्रभावित इलाकों में लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर लाने और ले जाने के लिए 2799 नौकाओं का परिचालन किया जा रहा है। राय ने बताया कि बाढ इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राज्य आपदा सुरक्षा बल और राष्ट्रीय आपदा सुरक्षा बल के जवान लगे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर और गोपालगंज जिलों में राज्य आपदा सुरक्षा बल प्रतिनियुक्त हैं जबकि राष्ट्रीय आपदा सुरक्षा बल भागलपुर, बक्सर, बेगूसराय, खगडि़या और मुंगेर जिला में प्रतिनियुक्त आपदा सुरक्षा बल लखीसराय का भी जिम्मा संभोलेगी। राय ने बताया कि सारण, भोजपुर, कटिहार, वैशाली, समस्तीपुर और मुंगेर जिलों में दोनों बल राज्य आपदा सुरक्षा बल और राष्ट्रीय आपदा सुरक्षा बल प्रतिनियुक्त हैं।

उन्होंने पटना में बाढ की स्थित को नियंत्रित बताते हुए कहा कि यहां के बाढ़ की स्थिति की समीक्षा राज्य के मुख्य सचिव के स्तर पर शाम में प्रत्येक दिन की जाती है। राय ने कहा कि पटना शहर में नासरीगंज से रानीघाट तक सुरक्षात्मक दीवार बनी हैं और उसमें 130 स्थानों पर आवागमन के लिए खाली स्थान हैं जिसे जल संसाधन विभाग द्वारा आधा सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग के 20 स्लूईस गेट जिससे गंगा में पानी जाता था उसे भी बंद कर दिया गया है।
अन्य प्रांत लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल