पाकिस्‍तान के साथ संवाद न किया जाए: यशवंत

पाकिस्‍तान के साथ संवाद न किया जाए: यशवंत नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता यशवंत सिन्हा ने जम्मू एवं कश्मीर में दो दिन पूर्व पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा पांच जवानों की हत्या किए जाने के मामले पर रक्षा मंत्री एके एंटनी के ताजा बयान पर संतोष व्यक्त करते हुए पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह की वार्ता नहीं किए जाने की मांग की।

रक्षा मंत्री एके एंटनी ने गुरुवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ सेक्टर में सोमवार को आधी रात के बाद घात लगा कर हुए हमले और पांच जवानों की हत्या में पाकिस्तानी सेना के विशेष प्रशिक्षित सैनिक संलिप्त थे। सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा कि हम खुश हैं कि सरकार ने अपनी गलती में सुधार कर लिया है। उन्होंने इस हत्या में पाकिस्तानी सैनिकों के शामिल होने की बात कही है।

सिन्हा ने कहा कि सरकार ने विपक्ष द्वारा उठाए गए हरेक बिंदु पर चर्चा की, लेकिन भाजपा अभी भी पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह की बातचीत न किए जाने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ संवाद समाप्त किए जाने की हमारी मांग अभी पूरी नहीं हुई है। हम आतंकवाद और सीमा में दखल जैसे बड़े मसले पर बहस चाहते हैं। क्या सरकार पाकिस्तान के प्रति नरम रही है? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत में सख्त और नरम जैसी कोई सरकार नहीं है।

संसद में दिए गए बयान के बाद से एंटनी विपक्ष के निशाने पर थे, उन्होंने मंगलवार को कहा था कि यह हमला लगभग 20 हथियारबंद आतंकवादियों के साथ पाकिस्तानी सेना की वर्दी में मौजूद लोगों ने किया था। भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री अगले महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने न्यूयार्क जाएंगे जहां दोनों की मुलाकात का कार्यक्रम है।
अन्य राजनीतिक दल लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल