ट्विटर पर सबसे लोकप्रिय नेता बने नरेंद्र मोदी

ट्विटर पर सबसे लोकप्रिय नेता बने नरेंद्र मोदी नई दिल्ली: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व के करीब 20 करोड़ लोगों के लिये अभिव्यक्ति का सशक्त मंच बन चुकी माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर फॉलोअरों के मामले में कांग्रेस नेता शशि थरूर को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही मोदी ट्विटर पर भारत के सबसे ज्यादा फॉलो किये जाने वाले नेता बन गये हैं।
    
वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिये भाजपा की प्रचार समिति के अध्यक्ष बनाये गये मोदी ने भारत में ट्विटर को लोकप्रिय बनाने वाले केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री थरूर को प्रशंसकों के मामले में पीछे छोड़ दिया है। ज्वलंत मुद्दों पर अपनी त्वरित टिप्पणी और संप्रग सरकार को निशाना बनाने के लिये अक्सर ट्विटर की ओर रुख करने वाले मोदी के ट्विटर पर 18,22,166 फॉलोवर हैं।
    
ट्विटर पर मोदी की सक्रियता का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अब तक 2,581 ट्वीट किया है। नरेंद्र मोदी कुल 373 लोगों और संगठनों को फॉलो करते हैं, जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, रतन टाटा, ए आर रहमान, अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर, आदि शामिल हैं।

ट्विटर मिनिस्टर के नाम से मशहूर शशि थरूर लंबे समय तक इस वेबसाइट पर नंबर एक की स्थिति बरकरार रखने के बाद अब दूसरे नंबर पर पहुंच गये हैं। थरूर के ट्विटर पर 18,20,931 फॉलोवर हैं।
    
हालांकि थरूर ट्वीट करने के मामले में मोदी से बहुत आगे हैं। थरूर ने अब तक 17,933 ट्वीट किये है, हालांकि उनमें से कुछ पर विवाद भी खड़ा हो चुका है। थरूर 392 लोगों और संगठनों को फॉलो करते हैं, लेकिन मजेदार बात यह है कि मोदी और थरूर एक दूसरे को फॉलो नहीं करते हैं।
    
अगर अन्य भारतीय नेताओं की बात करें तो वे ट्विटर पर प्रशंसकों के मामले में मोदी और थरूर के आस पास भी नहीं फटकते। अन्य प्रमुख नेताओं में लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के 5,22,082, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के 3,05,691, अजय माकन के 2,67,384, वरुण गांधी के 1,45,395, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के 54,869, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के 26,755 और सूचना तथा प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी के मात्र 8,528 फॉलोवर हैं।
    
ट्विटर पर सबसे लोकप्रिय नेता अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा हैं। ओबामा के तीन करोड़ 36 लाख से भी अधिक फॉलोवर हैं। ओबामा ने अब तक 9,411 ट्वीट किये है और वह 6,61,004 लोगों तथा संगठनों को फॉलो करते हैं।
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल