बीजेपी हाईकमान करे गठबंधन पर फैसला

जनता जनार्दन डेस्क , Apr 19, 2013, 17:24 pm IST
Keywords: JD   Wake Of Deteriorating Relations   BJP   Bihar   'Alone'   Prepared   जदयू    बिगड़ते संबंधों के मद्देनजर   भाजपा   बिहार   'एकला चलो'   तैयार  
फ़ॉन्ट साइज :
बीजेपी हाईकमान करे गठबंधन पर फैसला नई दिल्ली: जदयू से लगातार बिगड़ते संबंधों के मद्देनजर भाजपा अब बिहार में ‘एकला चलो’ के लिए भी तैयार होने लगी है।

मगर वह गठबंधन तोड़ने का दोष अपने माथे भी नहीं लेना चाहती है।

इसलिए पार्टी हाईकमान ने प्रदेश संगठन के लिए अनर्गल बयानबाजी से दूर रहने का फरमान जारी कर दिया है।

भाजपा ने तय किया है कि वह जदयू के सामने झुकेगी नहीं। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर जदयू के आरोपों का करारा जवाब भी देगी।

लेकिन जवाब कैसे, कब और कौन देगा, यह सब केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। प्रदेश भाजपा को अपनी तरफ से विवादित बयान देने पर रोक लगा दी गई है।

आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा नेतृत्व के साथ प्रदेश संगठन की कोर कमेटी की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में ये फैसले किये गये।

इस मौके पर हाईकमान से कोर कमेटी के सदस्यों की राय सुनने के बाद बिहार को लेकर सभी विकल्पों पर विचार किया।

जदयू से अलग राह पकड़ने की स्थिति में भाजपा ने अकेले ही लोकसभा चुनाव में जाने समेत सभी परिस्थितियों का आकलन किया।

कोर कमेटी के सदस्य व पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने माना कि बैठक में सभी विकल्पों पर विचार-विमर्श किया गया।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की ओर से गठबंधन को कमजोर करने का काम नहीं किया जाएगा।

बिहार के 10 करोड़ लोगों से लेकर देश के 121 करोड़ लोगों के हितों के लिए एनडीए गठबंधन को और मजबूत किया जाएगा और इसका विस्तार भी किया जाएगा, ताकि कांग्रेस के कुशासन से देश को मुक्ति दिलाई जा सकते।

भाजपा नेतृत्व मानने लगा है कि जदयू के साथ अब ज्यादा लंबी पारी खेलने का समय बीत चुका है। इसलिए बिहार प्रदेश संगठन से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा गया है।

पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने प्रदेश के सभी नेताओं को आंतरिक कलह खत्म करने की सलाह दी। इसके साथ ही बूथ स्तर तक जाकर प्रदेश संगठन के विस्तार पर जोर दिया गया।

बैठक में राजनाथ के अलावा अरुण जेटली, बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, रविशंकर प्रसाद, संगठन महासचिव रामलाल से लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय समेत प्रदेश कोर कमेटी के सभी दस सदस्य मौजूद थे।
अन्य राजनीतिक दल लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल