भारतीय चित्रकार गणेश पाइन का कोलकाता में निधन

जनता जनार्दन डेस्क , Mar 13, 2013, 17:49 pm IST
Keywords: Painter Of Darkness   Famous Painter Ganesh Pine   Death   Heart Attack   पेंटर आफ डार्कनेस   मशहूर चित्रकार गणेश पाइन   निधन   हार्ट अटैक  
फ़ॉन्ट साइज :
भारतीय चित्रकार गणेश पाइन का कोलकाता में निधन कोलकाता: पेंटर आफ डार्कनेस से मशहूर चित्रकार गणेश पाइन का निधन हो गया। वे काफी दिनों से हृदय रोग से जूझ रहे थे और दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था जहां मंगलवार की सुबह हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।

दोपहर 3.30 बजे उनके शव को अस्पताल से सोसायटी आफ कंटेम्पोरेरी आर्टस में ले जाया गया जहां कला जगत, कोलकाता नगर निगम के मेयर शोभन चटर्जी समेत कई जाने माने लोग भी उपस्थित थे। उसके बाद केवड़ातल्ला शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। कोलकाता में वे अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहते थे।

गणेश पाइन का जन्म कोलकाता में ही 1937 में हुआ था। वर्ष 1959 में वे गवर्नमेंट कालेज आफ आर्ट से चित्रकारी में डिप्लोमा की डिग्री लेने के बाद नौकरी नहीं करने का फैसला लिया था। 1963 में उनका सोसायटी आफ कंटेम्पोरेरी आर्टस के सदस्य के रूप में चयन किया गया। उसके बाद से सोसायटी की वार्षिक प्रदर्शनी में गणेश पाइन की तस्वीरों को नियमित स्थान दिया जाने लगा।

शुरूआती दौर से ही गणेश पाइन के कार्यो पर अवन ठाकुर एवं गगनेंद्रनाथ ठाकुर का प्रभाव देखने को मिलता रहा। पांच दशकों में उनके द्वारा बनाई गई पेंटिंग को पेरिस, वाशिंगटन, पश्चिम जर्मनी, ब्रिटेन समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में स्थान दिया गया।

पाइन को कलाकारों के कलाकार, दार्शनिकों के दार्शनिक के रूप में भी जाना जाता था। उनको अपने कार्यो के लिए कई पुरस्कार व प्रशंसा हासिल हुई थी। साठ के दशक में उन्होंने एनिमेशन के लिए भी चित्रकारी की थी।

प्रसिद्ध कलाकार शुभप्रसन्न ने कहा कि गणेश पाइन मेरे काफी नजदीकी थे। उनसे मेरा इतना गहरा लगाव था कि उनकी मौत की खबर पर भरोसा ही नहीं हो रहा है। उन्होंने बंगाल स्कूल आफ आर्ट की परंपरा को देश-विदेशों में ख्याति दिलाई है। उनके जैसे दक्ष कलाकार पर बंगाल को आज भी गर्व होता है।

जाने माने कलाकार जोगेन चौधरी ने कहा कि गणेश पाइन देश के मशहूर शिल्पियों में से एक थे। इनकी मृत्यु से बंगाल ही नहीं बल्कि भारतीय चित्रकला जगत को काफी क्षति हुई है।

सीएम ने किया शोक व्यक्त
गणेश पाइन की मृत्यु पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गणेश पाइन ने बंगाल स्कूल आफ आर्ट के साथ आधुनिक विश्व कला का बेहतर मिलन करवाया था। उनकी मृत्यु भारतीय चित्रकला जगत के लिए बड़ा नुकसान है।
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल