Thursday, 25 April 2024  |   जनता जनार्दन को बुकमार्क बनाएं
आपका स्वागत [लॉग इन ] / [पंजीकरण]   
 

अपने घरों में ही सुरक्षित नहीं हैं महिलाएं!

अपने घरों में ही सुरक्षित नहीं हैं महिलाएं! नई दिल्ली: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाई गई तमाम मुहिम के बावजूद राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं है,घर से बाहर तो दूर की बात है वह अपने ही घर में अपनों का शिकार हो रही हैं। उन्हें अपनों से ही धोखे मिल रहे हैं। दिल्ली के वेस्ट करावल नगर में पति के खिलाफ दायर केस वापस नहीं लेने पर एक युवक ने पत्नी को चाकू मार डाला और फिर तेजाब डालकर उसे जला दिया।

पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, जामिया नगर केबटला हाउस इलाके में 16 साल की किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने एक महिला की सहायता से उसके फ्लैट में किशोरी को हवस का शिकार बनाया। घटना के बाद से महिला समेत दोनों आरोपी भी फरार हैं।

जिस महिला को तेजाब फैंक कर जलाया गया था उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित महिला मीनाक्षी की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति हरबीर सिंह, रिश्तेदारों व पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने हरदीप के रिश्तेदारों संदीप, सचिन व पड़ोसी हरीश को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं हरबीर सिंह फरार है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, बी ब्लाक, इंडियन अपार्टमेंट, दिलशाद गार्डन में रहने वाली मीनाक्षी की शादी 2003 में मेरठ के रहने वाले हरबीर सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपती वेस्ट करावल नगर में रह रहा था। दोनों का एक आठ साल का पुत्र है, जिसका नाम आर्यन है। मीनाक्षी के परिजन का आरोप है कि पिछले साल मामूली झगड़े के बाद हरबीर ने मीनाक्षी को घर से निकाल दिया था।

इसके बाद मीनाक्षी ने कड़कड़डूमा अदालत में केस डाल दिया था। 26 जनवरी की दोपहर वह मां भगवती देवी और भाई अश्वनी के साथ वेस्ट करावल नगर स्थित अपने मकान की सफाई करने गई थी। वहां मीनाक्षी का पड़ोसी हरीश पहुंचा और अपने पिता की तबीयत खराब होने की बात बता उसे अपने घर ले गया। घर पहुंचकर हरीश ने दरवाजा बंद कर लिया।

मीनाक्षी के परिजन के मुताबिक, वहां पहले से उसका पति हरबीर, भाई योगेंद्र व सुभाष व हरबीर के दो भतीजे सचिन व संदीप मौजूद थे। हरबीर मीनाक्षी पर केस वापस लेने व बेटे को सौंपने के लिए दबाव डालने लगा। मीनाक्षी के मना करने पर सबने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

इसके बाद हरबीर ने मीनाक्षी के पेट में चाकू घोंप दिया। वह गिर गई तो हरबीर ने तेजाब से भरी बोतल उस पर उड़ेल दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर मीनाक्षी की मां और भाई हरीश के घर पहुंचे। मीनाक्षी को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को सूचना दी गई।

इधर, सामुहिक दुष्कर्म की शिकार हुई नाबालिक लड़की जामिया नगर की रहने वाली है और गरीब परिवार से है। इसके परिवार के सभी सदस्य घरों में सफाई आदि मजदूरी का काम करके परिवार का गुजर बसर करते हैं। किशोरी डेढ़ महीने पूर्व बटला हाउस इलाके में एक महिला के घर में काम करती थी।

बीते 26 जनवरी को घर में परिजनों से कहासुनी होने पर किशोरी रात को घर से भाग गई थी। बाजार में कहीं पर उसे बटला हाउस वाली पुरानी मालकिन मिल गई थी। उसने किशोरी की आपबीती सुन अपने साथ अपने घर लेकर आ गई। अगले दिन सुबह महिला के घर दो लोग आए।

उन्होंने चाय बनाकर खुद भी पी और किशोरी को भी दी। चाय पीते ही किशोरी को नशा आ गया। तब दोनों लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को वहां दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसे हवस का शिकार बनाया जाता रहा।

आरोप है कि दोनों ने शराब के नशे में उसके साथ घिनौनी हरकत की। विरोध करने पर उसे जान से मार डालने की धमकी देते रहे। किसी तरह दरिंदों के चंगुल से छूटकर किशोरी सोमवार रात एक एनजीओ के पास आ गई। वहां से जामिया नगर थाना पुलिस को सूचना दे दी गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने किशोरी का एम्स ट्रामा सेंटर में मेडिकल कराया। रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपी समेत महिला के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया।
अन्य आधी दुनिया लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल