प्रदेश में बढ़ते अपराधों के लिए सपा सरकार दोषी: भाजपा

प्रदेश में बढ़ते अपराधों के लिए सपा सरकार दोषी: भाजपा लखनऊ: प्रदेश में अपराधों की बढ़त के लिए सीधे सपा सरकार को दोषी ठहराते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विधान परिषद सदस्य हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि सपाराज में हत्या, अपहरण और डकैती के अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और मुख्यमंत्री भी अपराध रोकने की कार्रवाई में विफल रहे हैं। इस सरकार से अपनी राजधानी लखनऊ की कानून व्यवस्था भी सम्हाले नहीं सम्हलती।

बीती रात राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब में हुई डकैती और फायरिंग की घटना का उदाहरण देते हुए  दीक्षित ने कहा कि डकैती का यह स्थल थाने से थोड़ी ही दूर पर है। डकैती हिन्दुस्तान के सम्वाददाता नागेन्द्र बहादुर सिंह चैहान के घर हुई। 14-15 राउंड फायरिंग भी हुई।

बख्शी का तालाब थाने से घटनास्थल मात्र 400-500 मीटर ही दूरी पर था। जब इस सरकार के कार्यकाल में राजधानी ही असुरक्षित है तो शेष जिलों की स्थिति के बारे में सहज ही अंदाज लगाया जा सकता है। दीक्षित ने आज रविवार को पार्टी मुख्यालय पर सम्वाददताओं से वार्ता के दौरान कहा कि सपा सरकार के बनने के दिन से ही प्रदेश के अपराध के आंकड़ो में बाढ़ आ गयी है। सरकार ने पुलिस को अपराध नियंत्रण के लिए मुक्त काम नहीं करने दिया।

दीक्षित ने कहा कि सपा सरकार की नीतियां अपराधियों को प्रोत्साहित करने वाली हैं। सरकार ने मुकदमा वापसी के जरिए अपराधियों को सबसिडी दी है। सरकार ‘जनहित’ बताकर अपराधियों से मुकदमा वापसी कर रही है। अपराधी उत्साहित हैं, जनता में दहशत है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा इस सरकारी नीति का विरोध करेगी।
अन्य शहर लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल