पर्दे पर उतर आया 'राउडी राठौर'
जनता जनार्दन संवाददाता ,
Jun 01, 2012, 17:52 pm IST
Keywords: Film - Rowdy Rathore Akshay Kumar Sonakshi Sinha Director Prabhu Deva Tamil Siruthai Kannada Veera Bengali Bikram Singh फिल्म- राउडी राठौर अक्षय कुमार सोनाक्षी सिन्हा निर्देशक प्रभु देवा तमिल सिरूथाई कन्नड वीरा बंगाली बिक्रम सिंह
नई दिल्ली: अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा जैसे सितारों से सजी नई फिल्म 'राउडी राठौडर' रिलीज हो गई। सुपर हिट फिल्म 'वांटेड' के निर्देशक प्रभु देवा द्वारा निर्देशित यह दूसरी फिल्म है।
सिनेमा के जानकार मानते हैं कि शानदार एक्शन, धमाकेदार संगीत, शरारती शब्दों से लबरेज गानों और जबर्दस्त मार्केंटिग के बल पर यह फिल्म शानदार ओपन करेगी। उसके बाद फिल्म का चलना या न चलना कंटेट पर निर्भर करेगा। इस फिल्म के प्रोमोज ने दर्शकों में जो उन्माद पैदा किया था उसी के फलस्वरूप बॉक्स ऑफिस पर इसने तगडी ओपनिंग ली। राउडी राठौर सुपरहिट तेलुगु फिल्म विक्रमारकुडु का हिंदी रीमेक है। इस फिल्म को तमिल में सिरूथाई, कन्नड में वीरा मादाकारी और बंगाली में बिक्रम सिंह : द लॉयन इज बैक नाम से बनाया गया है। राउडी राठौर के जरिये अक्षय कुमार लंबे समय बाद एक्शन करते हुए नजर आएं। वर्ष 2009 में वांटेड के जरिए हिन्दी फिल्म निर्देशन के मैदान में उतरे नृत्य निर्देशक प्रभुदेवा ने तीन साल बाद एक बार फिर से उसी पटरी पर चलते हुए स्वयं को पुन: दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया है जिसमें न सिर्फ वे कामयाब रहे हैं बल्कि उन्होंने पुरजोर तरीके से इस बात को सिद्ध किया है कि वे न सिर्फ बेहतरीन नृत्य निर्देशक हैं बल्कि वे एक अच्छे फिल्मकार भी हैं। हजारों बार दोहराई जा चुकी कहानी को जिस रोचकता और थ्रिलर के साथ प्रभु देवा ने परदे पर पेश किया है उसके लिए वे काबिले तारीफ हैं। अक्षय कुमार ने परम्परागत एक्शन दृश्यों से हटकर इस फिल्म में एक्शन किया है। हालांकि इन एक्शन दृश्यों को देखते हुए दर्शकों के जेहन में सलमान खान की वांटेड, दबंग, बॉडीगार्ड फिल्मों की याद ताजा हो जाती है। प्रभुदेवा ने कैमरे की गति इतनी तेज रखी है कि दर्शक को एक्शन दृश्य हैरतअंगेज लगते हैं। राउडी राठौर कहानी है शिव (अक्षय कुमार) की जो एक चोर है। इस चोर का महिलाओं पर खूब जादू चलता है और वे उसकी दीवानी हो जाती हैं। प्रिया (सोनाक्षी सिन्हा) से शिव की मुलाकात एक ऎसी शादी में होती है जहां उसे बुलाया ही नहीं गया है। प्रिया का वह दीवाना हो जाता है। शिव की लाइफ में तब समस्या उत्पन्न हो जाती है जब छह वर्ष की नेहा बेवजह उसे पिता मानने लगती है। शिव इसका पता लगाने की कोशिश करता है कि नेहा उसे अपना पिता क्यों मानती है। नेहा के प्यार और उसके प्रति जिम्मेदारी शिव को इंसान के रूप में बदल देती है। शिव न केवल नेहा के अतीत से परिचित होता है बल्कि वह बिहार स्थित छोटे शहर के लोगों के लिए वहां के एमएलए और गुंडों के खिलाफ मसीहा बनकर उभरता है। प्रभुदेवा को बेहतरीन डांसर माना जाता है और उनके कुछ कमाल के डांस हम फिल्मों में देख चुके हैं। कोरियोग्राफी और अभिनय के बाद वे निर्देशन के मैदान में उतरे। उन्होंने तमिल और तेलुगु में कई फिल्में बनाईं। हिंदी में सलमान खान को लेकर उन्होंने वांटेड (2009) नामक मसाला फिल्म बनाई जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। उन्होंने अक्षय कुमार से जहां बेहतरीन एक्शन दृश्य करवाए हैं वहीं उन्होंने सोनाक्षी और अक्षय कुमार से कुछ स्थानों पर अभिनय भी अच्छा करवाया है। सोनाक्षी की दबंग के बाद यह दूसरी फिल्म है। अपनी पहली फिल्म की भांति ही यहां भी उन्होंने अपनी खूबसूरती और मुस्कान के साथ दर्शकों की वाहवाही लूटी है। हालांकि फिल्म के कुछ दृश्यों में सोनाक्षी का परिपक्व चेहरा उन्हें कमसिन नायिकाओं से अलग करता है। फिल्म के गीतों को संगीतकार साजिद वाजिद ने संगीत से संवारा है। संगीत काम चलाऊ लेकिन वक्ती तौर पर श्रोताओं की पसन्द का है। दर्शकों के लिए खलनायक अपरिचित हैं सभी सितारे दक्षिण भारत से लिए गए हैं। हालांकि इनका अभिनय एवं संवाद अदायगी कमाल की है। कुल मिलाकर राउडी राठौर दर्शकों का मनोरंजन करने में सफल रहती है। |
क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं? |
|
हां
|
|
नहीं
|
|
बताना मुश्किल
|
|
|