Saturday, 20 April 2024  |   जनता जनार्दन को बुकमार्क बनाएं
आपका स्वागत [लॉग इन ] / [पंजीकरण]   
 

पीएम पद के लिए मनमोहन सिंह सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति

पीएम पद के लिए मनमोहन सिंह सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कमजोर बता कर की जाने वाली हरेक आलोचना को सिरे से खारिज करते हुए विधि मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि वह इस पद के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति हैं और उन्होंने विचारों तथा दर्शन से पूर्ण नेतृत्व दिया है।

खुर्शीद ने एक टीवी कार्यक्रम के दौरान कहा कि मुझे नहीं लगता कि ऐसे समय पर, जब हम तनाव में हैं, तो हमारे पास उनसे बेहतर व्यक्ति कोई दूसरा हो सकता था। हमारे पास कई सवाल रहे हैं कि भारत का प्रशासन कैसा होना चाहिए और अभी कैसा प्रशासन है। उन्होंने कहा कि मनमोहन ने ऐसे समय पर नेतृत्व प्रदान किया जब भारतीय अर्थव्यवस्था पर गहरे बादल छाए हैं और यह सवाल है कि महत्वपूर्ण आर्थिक बदलावों के साथ देश आगे कैसे बढ़ेगा।

खुर्शीद ने कहा कि मनमोहन से बेहतर व्यक्ति प्रधानमंत्री पद के लिए दूसरा कोई नहीं हो सकता था। तृणमूल कांग्रेस जैसे घटक दलों के साथ समस्याओं और उन्हें मनाने में मनमोहन की विफलता के बारे में पूछने पर खुर्शीद ने कहा कि उन्हें अकेले ही जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

भारत में और विदेशों में भी मीडिया के एक वर्ग ने सिंह को कमजोर प्रधानमंत्री कह कर उनकी आलोचना की है। जब खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर कांग्रेस तृणमूल को नहीं सहमत कर पाई थी तब वाल स्ट्रीट जर्नल ने लिखा था कि सिंह का अपमान हुआ।

खुर्शीद ने इस पर सिंह का पक्ष लेते हुए कहा कि अगर हमारे सहयोगियों को उस खास दिशा में तेजी से जाने में दिक्कत है, जहां हम उन्हें ले जाना चाहते हैं तो यह बात सिर्फ प्रधानमंत्री से नहीं जुड़ती बल्कि पूरी सरकार से जुड़ती है। हम प्रधानमंत्री को पार्टी से और पार्टी को सरकार से अलग थलग न करें। हम सब आखिर एक साथ हैं।

विधि मंत्री ने कहा कि सहयोगी दलों में मतभेद हो सकते हैं लेकिन रास्ता खोजने के लिए हम सब साथ साथ हैं और वह हमारा नेतृत्व करते हैं। खुर्शीद ने कहा कि नेतृत्व के लिए नेताओं का तरीका अलग अलग होता है और उसी के अनुसार प्रधानमंत्री के कामकाज का आकलन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सिंह अत्यंत शालीन हैं। पर इस बात को उन्होंने गलत बताया कि मंत्री सिंह की उपेक्षा करते हैं। विधि मंत्री ने कहा कि एक खास परिदृश्य में कुछ फैसले नहीं किए जा सकते।

खुर्शीद ने कहा कि मनमोहन सिंह दिखावा नहीं करते। उन्होंने विचारों और दर्शन से परिपूर्ण नेतृत्व दिया है। मंत्रिमंडल की बैठकों की वह अध्यक्षता करते हैं। कुछ लोग अपने काम का श्रेय नहीं लेना चाहते।

यह पूछे जाने पर कि सिंह पर नेतृत्व के अभाव का आरोप लगने पर उन्होंने क्यों उनका बचाव नहीं किया, खुर्शीद ने कहा कि जब प्रधानमंत्री को बचाव की जरूरत ही नहीं है तो मुझे क्यों उनका बचाव करना चाहिए।

विधि मंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष के साथ मतभेदों से इन्कार करते हुए कहा कि आप नहीं जानते कि हमारे रिश्ते कितने अच्छे हैं। क्रिसमस तक इंतजार करें।

ममता ने खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, बांग्लादेश के साथ तीस्ता नदी के जल बंटवारे और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार की खुल कर आलोचना की थी। खुर्शीद ने कहा कि ममता के पास खुद अपने लिए और देश के लिए बंगाल में महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा के बरसों के शासन के बाद वह बंगाल का पुनर्निर्माण कर रही हैं। उन्हें इसका अधिकार है और हमें इसका सम्मान करना चाहिए।

विधि मंत्री ने जोर दे कर कहा कि यूपीए सरकार के फैसलों पर वीटो का अधिकार ममता को नहीं है। खुर्शीद ने कहा कि यहां उनके विचारों के बारे में संवेदनशीलता है। हम या तो उन्हें साथ लेकर चल सकते हैं या नहीं। हमने उन्हें एक सहयोगी के तौर पर अपने साथ लेकर चलने का फैसला किया।

उन्होंने इस बात से भी इन्कार किया कि कांग्रेस के सहयोगी उसे अपने इशारों पर चलाते हैं। उन्होंने कहा कि मतभेदों के बावजूद गठबंधन में रिश्ते मजबूत हैं और हम इन्हें मजबूत बनाए रखना चाहते हैं।
अन्य राष्ट्रीय लेख
वोट दें

क्या आप कोरोना संकट में केंद्र व राज्य सरकारों की कोशिशों से संतुष्ट हैं?

हां
नहीं
बताना मुश्किल